India, March 9 -- The Government of India has issued a release:
जामनगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टीचिंग एंड रिसर्च इन आयुर्वेद (ITRA) द्वारा दो दिवसीय 'आयुर स्वादोत्सव' का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में लगभग 32 हजार से अधिक लोगों ने सहभागिता करते हुए आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों एवं उत्पादों का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान 152 से अधिक स्टार्टअप से जुड़े विद्यार्थियों द्वारा 517 से अधिक उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। आयुर्वेद के सिद्धांतों पर आधारित 150 से अधिक प्रकार के खाद्य पदार्थों और व्यंजनों की प्रदर्शनी और बिक्री की व्यवस्था की गई थी, जिसमें लाइव फूड, पैकेज्ड फूड तथा अन्य पैकेजिंग आइटम शामिल थे।
इस अवसर पर केक, इडली, भजिया, नूडल्स सहित कई प्रकार के स्वादिष्ट एवं स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। आगंतुकों ने इन व्यंजनों का स्वाद लेकर स्वास्थ्य और स्वाद के अद्भुत संगम का अनुभव किया।
इसके साथ ही आयुर्वेदिक कॉस्मेटिक उत्पादों ने भी लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इनमें तुलसी बाम, पेन रिलीफ लिक्विड बाम, विभिन्न प्रकार के साबुन, शैम्पू, शरीर और सिर पर लगाने वाले औषधीय तेल सहित अनेक उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया गया।
इस आयोजन के माध्यम से भारत सरकार की विभिन्न पहलों जैसे वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, विकास भी विरासत भी, आत्मनिर्भर भारत, हर घर स्वदेशी तथा स्किल इंडिया को भी प्रोत्साहन दिया गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को आगंतुकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली तथा लोगों ने उत्साहपूर्वक इन उत्पादों की खरीदारी की।
इस अवसर पर ITRA की निदेशक प्रोफेसर तनुजा नेसरी ने कहा कि "ITRA का 'स्वादोत्सव' अनेक उद्देश्यों को पूरा करने वाला एक महत्वपूर्ण और सफल प्रयास सिद्ध हुआ है। इस कार्यक्रम के माध्यम से नई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिला है, साथ ही अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ है। केवल शिक्षा प्रदान करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस शिक्षा का समाज, सेवा और व्यवसाय के क्षेत्र में उपयोग हो सके, ऐसा सक्षम युवावर्ग तैयार करना भी हमारी जिम्मेदारी है। इस उत्सव में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर आयुर्वेद आधारित व्यंजनों का स्वाद लिया और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा प्राप्त की।"
इवेंट मैनेजमेंट क्षेत्र से जुड़े आगंतुक भावेश मेहता ने बताया कि जामनगर के विभिन्न कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों ने इस कार्यक्रम का दौरा किया और विभिन्न आयुर्वेद आधारित व्यंजनों का स्वाद लिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और स्वाद के इस अनूठे संगम से प्रेरित होकर भविष्य में विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में भी आयुर्वेद आधारित व्यंजनों को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा जामनगर में स्थापित ग्लोबल ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर (GTMC) से संबंधित विभिन्न पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों का भी प्रदर्शन किया गया। आगंतुकों ने विश्व के विभिन्न देशों में प्रचलित पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के बारे में रुचि के साथ जानकारी प्राप्त की।
इस प्रकार ITRA द्वारा आयोजित 'आयुर स्वादोत्सव' ने आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली और आत्मनिर्भरता के संदेश को व्यापक स्तर पर समाज तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Disclaimer: The original story of this translated version is available on Press Information Bureau.
Disclaimer: Curated by HT Syndication.